CG Breaking: बेमेतरा के खिलाड़ियों ने जीते सिल्वर, बस्तर के 2 खिलाड़ी नेशनल टेनिस में चयनित

भिलाई में राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का समापन, बेमेतरा के 4 खिलाड़ियों ने सिल्वर मेडल जीते, बस्तर के 2 बालक पहुंचे नेशनल स्पर्धा में
बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के भिलाई में आयोजित 25वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का शानदार समापन हुआ। इस प्रतियोगिता में बेमेतरा जिले के चार प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किए।
ग्राम गोपालपुर के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला के कक्षा 8वीं के छात्र राज चंद्राकर ने 14 वर्ष बालक वर्ग के लॉन टेनिस में रजत पदक जीतकर दूसरा स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि पर संस्था के शिक्षकों और स्थानीय जनों ने शुभकामनाएं दीं।
दो खिलाड़ी नेशनल टेनिस स्पर्धा में चयनित
दुर्ग में आयोजित राज्य स्तरीय मुकाबलों में बस्तर के दो युवा टेनिस खिलाड़ियों ने सबका ध्यान खींचा। स्वामी विवेकानंद स्कूल के छात्र आदित्य विश्वकर्मा (15 वर्ष, अंडर-17 वर्ग) और स्वामी आत्मानंद स्कूल के छात्र वंशदीप सिंह (12 वर्ष, अंडर-12 वर्ग) का चयन नेशनल लॉन टेनिस प्रतियोगिता के लिए हुआ।
आदित्य विश्वकर्मा ने लगातार तीन जीत के साथ फाइनल तक पहुंचकर राज्य स्तर पर दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि वंशदीप सिंह ने कम समय में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्पर्धा में अपनी जगह बनाई।
कोच ने जताई खुशी
कोच कुणाल चालीसगांवकर ने खिलाड़ियों की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि, “इस बार संभाग से चयनित सभी खिलाड़ियों ने 100% रिजल्ट दिया है। आदित्य ने पिछले साल की हार से सबक लेकर कड़ी मेहनत की और सफलता हासिल की। वहीं वंशदीप ने बेहद कम उम्र और अनुभव के बावजूद अपनी प्रतिभा से सबको चौंकाया है।”

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
