हाईकोर्ट सख्त: मंत्री के निजी सचिव ने सड़क पर मनाया पत्नी का बर्थडे, केक काटा और आतिशबाजी — अब होगी कार्रवाई

बिलासपुर में सड़क पर लग्जरी कार की बोनट पर हुआ बर्थडे सेलिब्रेशन, वीडियो वायरल होने पर हाईकोर्ट ने जताई नाराजगी, सरकार को कार्रवाई के निर्देश।
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के निजी सचिव और भाजपा नेता राजेंद्र दास एक बार फिर सुर्खियों में हैं। उन्होंने अपनी पत्नी का जन्मदिन सड़क पर मनाया, जहां लग्जरी कार की बोनट पर केक काटा गया और आतिशबाजी की गई। पूरा कार्यक्रम खुलेआम सड़क पर हुआ, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
इस पूरे मामले पर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्य न्यायाधीश रमेश कुमार सिन्हा और न्यायाधीश अमितेंद्र प्रसाद की खंडपीठ ने सुनवाई के दौरान राज्य सरकार से कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। कोर्ट ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री खुद मामले पर संज्ञान लेकर उचित कदम उठाएं।
राज्य सरकार की ओर से पक्ष रख रहे महाधिवक्ता प्रफुल्ल एन भारत ने बताया कि इस मामले में एफआईआर दर्ज की गई है और राजेंद्र दास की पत्नी को गिरफ्तार कर मुचलके पर रिहा किया गया है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो गुरुवार रात का है, जब दास दंपत्ति ने सड़क को सेलिब्रेशन के लिए निजी जगह की तरह इस्तेमाल किया।
इस घटना पर कांग्रेस ने भी निशाना साधा। पार्टी ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए लिखा — “क्या हाईकोर्ट के नियम सिर्फ आम जनता के लिए हैं? भाजपा नेताओं और उनके सहायकों पर क्यों नहीं लागू होते?”
चिरमिरी पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 0247 दर्ज कर बीएनएस की धारा 125, 285 और 3(5) के तहत कार्रवाई की है।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
