बिलासपुर ट्रेन हादसा: मौत का आंकड़ा बढ़कर 11, CRS जांच शुरू — देर रात तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन

बिलासपुर के लाल खदान इलाके में कोरबा मेमू लोकल और मालगाड़ी की टक्कर में अब तक 11 लोगों की मौत, 20 से अधिक घायल। ऑटो सिग्नल फेल होने की आशंका, रेलवे और सरकार ने किया मुआवजे का ऐलान।
By — Thaneshwar Sahu
बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में हुए भीषण रेल हादसे में अब तक 11 यात्रियों की मौत की पुष्टि हो चुकी है।
मंगलवार तक मृतकों की संख्या 8 थी, लेकिन बुधवार सुबह तक तीन और शव मिलने से यह संख्या बढ़ गई।
वहीं 20 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हैं, जिनमें कई की हालत नाजुक बनी हुई है।
हादसा मंगलवार शाम बिलासपुर स्टेशन के आउटर क्षेत्र लाल खदान इलाके में हुआ, जब गेवरा मेमू लोकल ट्रेन सामने खड़ी मालगाड़ी से जा टकराई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि पैसेंजर ट्रेन का इंजन मालगाड़ी के ऊपर चढ़ गया और महिला आरक्षित बोगी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
कैसे हुआ हादसा? प्रारंभिक जांच में क्या सामने आया
रेलवे सूत्रों के मुताबिक, ऑटो सिग्नल फेल होने की आशंका जताई जा रही है।
हादसे के वक्त ट्रेन की रफ्तार काफी तेज थी, और लोको पायलट के पास रुकने का पर्याप्त समय नहीं था।
टक्कर के बाद खिड़कियां और सीटें टूट गईं, यात्री इधर-उधर फंस गए।
स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्हें तेज ब्रेक और फिर जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी।
कई यात्री खिड़कियों से कूदकर अपनी जान बचाई।
11 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे के तुरंत बाद रेलवे, जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें राहत कार्य में जुट गईं।
करीब 11 घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चला, जिसमें गैस कटर और क्रेन की मदद से बोगियों को काटकर फंसे लोगों को निकाला गया।
रात 2:30 बजे तक तीन शव महिला कोच से बरामद किए गए।
इनमें एक की पहचान जैजैपुर निवासी छात्रा प्रिया चंद्रा के रूप में हुई, जो गुरु घासीदास यूनिवर्सिटी में बीएससी बायोटेक्नोलॉजी की छात्रा थी।
घायलों का इलाज जारी
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, घायल यात्रियों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है —
-
सिम्स अस्पताल: 5 यात्री
-
अपोलो अस्पताल: 2 यात्री
-
रेलवे अस्पताल: 6 यात्री
कई यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि कुछ की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।
मुआवजे का ऐलान
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने हादसे में मारे गए यात्रियों के परिजनों को ₹10 लाख,
गंभीर रूप से घायलों को ₹5 लाख,
और सामान्य घायलों को ₹50 हजार की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
वहीं, छत्तीसगढ़ सरकार ने भी मृतकों के परिजनों को ₹5 लाख और घायलों को ₹50 हजार की आर्थिक सहायता का ऐलान किया है।
CRS जांच के आदेश, ट्रैक हुआ बहाल
रेलवे ने हादसे की विस्तृत जांच के लिए कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी (CRS) को आदेश दिए हैं।
ट्रैक को दुरुस्त करने का काम रात भर चलता रहा और सुबह तक एक लाइन पर ट्रेनों का संचालन बहाल कर दिया गया।
रेलवे की टेक्निकल टीम ने बताया कि जल्द ही दोनों लाइनों पर सामान्य परिचालन शुरू हो जाएगा।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
