बिलासपुर में शराबी शिक्षक की हरकतों से हड़कंप: स्कूल में कपड़े उतार कर मचाया ड्रामा, बच्चों से मारपीट के आरोप

मस्तूरी क्षेत्र के सरकारी स्कूल में शराब के नशे में धुत शिक्षक ने मचाया उत्पात, बच्चों में फैली दहशत — पहले भी रायगढ़ में हुआ था ऐसा मामला।
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की शर्मनाक हरकतें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। मस्तूरी क्षेत्र के सोन गांव में शराबी शिक्षक का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें वह स्कूल परिसर में कपड़े उतारकर नशे की हालत में बैठा हुआ दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि, यह शिक्षक न केवल नशे में धुत था बल्कि स्कूल में बच्चों से मारपीट करने के भी आरोप उस पर लगे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह पूरा ड्रामा कई घंटों तक स्कूल में चलता रहा। स्थानीय लोगों ने इस घटना की सूचना अधिकारियों को दी, जिसके बाद शिक्षा विभाग हरकत में आया और जांच शुरू कर दी गई है।
नशे में शिक्षक का ड्रामा, बच्चों में भय
मामले की जानकारी मिलते ही मस्तूरी ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ने तत्काल जांच टीम गठित की है। स्कूल स्टाफ ने बताया कि शिक्षक के इस व्यवहार से बच्चे डरे और सहमे हुए हैं।
पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला (रायगढ़)
कुछ दिन पहले रायगढ़ जिले के लैलूंगा ब्लॉक के सेजेस लारीपाना शासकीय विद्यालय में भी ऐसा ही मामला सामने आया था। वहां के शिक्षक महेश राम सिदार नशे की हालत में स्कूल पहुंचे और बच्चों व स्टाफ के सामने गाली-गलौज और हंगामा किया था।
सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई थी। बाद में शिक्षक ने खुद ही वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था। इस घटना के बाद प्रबंधन ने अनुशासनहीनता का मामला दर्ज कर शिक्षक के निलंबन की मांग की थी।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
