IED ब्लास्ट में महिला नक्सली घायल, साथियों ने जंगल में छोड़ हथियार लेकर भागे

बीजापुर के अबूझमाड़ में IED धमाका, घायल नक्सली को पुलिस ने बचाया, जिला अस्पताल में चल रहा इलाज
बीजापुर। बस्तर का अबूझमाड़ इलाका नक्सली हिंसा से अब भी त्रस्त है। यहां जगह-जगह नक्सलियों ने IED बिछा रखी है। ताजा मामला बीजापुर जिले के मद्देड़ थाना क्षेत्र के बंदेपारा का है, जहां IED ब्लास्ट में एक महिला नक्सली घायल हो गई।
चौंकाने वाली बात यह रही कि घायल नक्सली को बचाने की बजाय उसके साथी उसका हथियार लेकर जंगल में भाग खड़े हुए।
इस घटना की जानकारी ग्रामीणों ने पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मानवता का परिचय देते हुए ग्रामीणों की मदद से महिला नक्सली का प्राथमिक इलाज किया और फिर उसे जिला अस्पताल बीजापुर भेजा। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत फिलहाल स्थिर है।
पुलिस का बयान
बीजापुर पुलिस ने प्रेस नोट जारी कर बताया कि घायल माओवादी की पहचान गुज्जा सोढ़ी के रूप में हुई है, जो पिछले 6–7 साल से मद्देड़ एरिया कमेटी में ACM कन्ना बुच्चना के साथ सक्रिय रही है। संगठन में वह 12 बोर का हथियार लेकर चलती थी।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
