छत्तीसगढ़-तेलंगाना बॉर्डर पर मुठभेड़: बीजापुर में 3 नक्सली ढेर, जंगल में सर्च ऑपरेशन जारी

बीजापुर जिले के अन्नाराम-मरीमल्ला जंगल में नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़। जवानों ने नक्सलियों को घेरा, तीन के मारे जाने की सूचना, इलाके में भारी फोर्स तैनात।
By — Thaneshwar Sahu
बीजापुर: छत्तीसगढ़-तेलंगाना बॉर्डर के अन्नाराम और मरीमल्ला के जंगलों में मंगलवार सुबह पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई।
सूत्रों के मुताबिक, एनकाउंटर में तीन नक्सली मारे गए हैं, जबकि इलाके में दोनों ओर से फायरिंग जारी है।
जवानों ने नक्सलियों को जंगल में चारों ओर से घेर लिया है।
यह मुठभेड़ मद्देड एरिया कमेटी के नक्सलियों से हो रही है।
फोर्स ने इलाके से बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किए हैं।
पुलिस की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
फिलहाल पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन डीआरजी और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम जंगल में सर्च ऑपरेशन चला रही है।
बीजापुर एसपी ने बताया कि
“फायरिंग रुकने के बाद पूरे इलाके की तलाशी ली जा रही है। नक्सलियों के शव और हथियार बरामद करने की प्रक्रिया जारी है।”
फोर्स नक्सल खात्मे की बड़ी तैयारी में
बस्तर में नक्सल मोर्चे पर अब सुरक्षा बल फुल एक्शन मोड में हैं।
हाल के महीनों में नक्सल संगठन के कई टॉप कमांडर मारे जाने के बाद पुलिस अब 50 चुनिंदा गांवों से नक्सली नेटवर्क खत्म करने की तैयारी कर रही है।
इस मिशन की शुरुआत बीजापुर जिले से की जा रही है।
इसके लिए नारायणपुर, बस्तर, दंतेवाड़ा और सुकमा जिलों से डीआरजी (District Reserve Group) की 10 से अधिक टीमें गठित की गई हैं।
ऑपरेशन अबूझमाड़ की तरह बड़े पैमाने पर अभियान
सुरक्षा सूत्रों ने बताया कि यह ऑपरेशन अबूझमाड़ और करेंगुट्टा जैसे पिछले बड़े अभियानों की तरह ही व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा।
फोर्स की सभी जवानों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं और उन्हें अगले आदेश तक ड्यूटी पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
सर्च ऑपरेशन जारी
-
फोर्स ने जंगल में कई इलाकों को सील कर दिया है।
-
मारे गए नक्सलियों की पहचान की जा रही है।
-
घटनास्थल से बरामद हथियारों की फॉरेंसिक जांच होगी।
-
आसपास के गांवों में भी सर्चिंग अभियान जारी है।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
