सरगुजा में शराब के नशे में बेटे ने माँ की हत्या, पिता को किया अचेत

बतौली: शराब में धुत बेटे ने मां की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या की, पिता गंभीर
बतौली, छत्तीसगढ़। सरगुजा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शराब के नशे में एक पुत्र ने अपने माता-पिता पर हमला कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी 33 वर्षीय सुखन साय बैगा ग्राम सेदाम उरांव पारा का निवासी है। सोमवार को शराब के नशे में घर लौटते ही उसने 55 वर्षीय मां तिजो बाई और 60 वर्षीय पिता शनि बैगा से पैसे की मांग की।
पैसा न मिलने पर उसने पिता पर लाठी से हमला कर अचेत कर दिया और मां तिजो बाई को पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। आरोपी घटना के बाद भी नशे में घर पर पड़ा रहा।
पड़ोसियों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार किया और महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली भेजा। घायल पिता को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना ने पूरे गाँव में दहशत फैला दी है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
