जगदलपुर नगर निगम में हंगामा: विपक्ष ने एजेंडा फाड़ा, सदन का किया बहिष्कार – महापौर बोले झूठ फैलाना कांग्रेस की आदत

3 महीने बाद हुई नगर निगम की सामान्य सभा में विपक्ष का जोरदार हंगामा, चर्चा के बिना एजेंडा पास होने पर कांग्रेस पार्षदों ने जताया विरोध।
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर नगर निगम की सामान्य सभा में मंगलवार को जमकर हंगामा हुआ। दरअसल, एजेंडा पर चर्चा शुरू होते ही माहौल गरमा गया। विपक्ष का आरोप है कि सत्ता पक्ष ने बिना किसी चर्चा के कई प्रस्तावों को पास कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, सभा में प्रश्नों पर चर्चा के दौरान निगम अध्यक्ष और विपक्ष के उपनेता प्रतिपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। आसंदी में बैठे अध्यक्ष ने उन्हें पीछे बैठने के लिए कहा, जिसके बाद विपक्षी पार्षदों ने जमकर हंगामा किया और सदन में नारेबाजी करते हुए एजेंडा की प्रतियां फाड़ दीं।
लगातार विरोध के बीच कांग्रेस पार्षदों ने सभा का बहिष्कार करते हुए वॉकआउट कर दिया। विपक्ष ने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष लोकतांत्रिक परंपराओं की अनदेखी कर “दादागिरी” से सदन चला रहा है।
विपक्ष के मुताबिक, “अगर सत्तापक्ष को अपनी ही मर्जी से फैसले लेने हैं, तो विपक्ष की जरूरत क्या है? जनहित से जुड़े मुद्दों पर बिना चर्चा किए प्रस्ताव पास करना जनता के साथ अन्याय है।”
वहीं दूसरी ओर, महापौर ने कांग्रेस पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि “कांग्रेस का काम सिर्फ झूठ फैलाना और राजनीति करना है। उन्होंने शहर के विकास के लिए कोई काम नहीं किया। आज जब नगर निगम मर्यादा में काम कर रहा है, तो वे जानबूझकर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।”
महापौर ने आगे कहा कि “सदन की गरिमा का अपमान करना कांग्रेस का गंभीर अपराध है, जो जनता सब देख रही है।”

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
