CRPF जवान के नाम पर बनी फर्जी कंपनी: 10 करोड़ के लेनदेन से बस्तर में हड़कंप

जवान के पैन कार्ड का दुरुपयोग कर अज्ञात ठगों ने किया करोड़ों का कारोबार, कोलकाता कनेक्शन की जांच जारी
जगदलपुर। बस्तर जिले से एक चौंकाने वाला साइबर फ्रॉड सामने आया है। यहां सीआरपीएफ जवान के नाम पर फर्जी कंपनी बनाकर करोड़ों रुपए का लेनदेन किया गया। मामला छिनारी गांव, पटेल पारा निवासी विशेष कुमार कश्यप, सीआरपीएफ जवान से जुड़ा है।
जवान को तब हैरानी हुई जब उन्हें आयकर विभाग से 10 करोड़ 51 लाख रुपए के लेनदेन का नोटिस मिला। नोटिस में उल्लेख था कि उनके नाम पर एक कंपनी के जरिए भारी वित्तीय कारोबार हुआ है।
जांच में सामने आया कि अज्ञात लोगों ने जवान के पैन कार्ड का दुरुपयोग कर फर्जी कंपनी बनाई, और उसी कंपनी के नाम से करोड़ों रुपए का लेनदेन दिखाया गया।
जवान ने तुरंत बकावंड थाना में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया।
वहीं, बस्तर साइबर पुलिस भी जांच में जुट गई है। प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिले हैं कि इस पूरे फर्जीवाड़े के तार कोलकाता से जुड़े हो सकते हैं।
पुलिस अब यह पता लगाने में लगी है कि जवान का डेटा कहां से लीक हुआ और किन लोगों ने उसका दुरुपयोग किया। यह मामला न केवल बस्तर बल्कि पूरे राज्य में साइबर अपराधों को लेकर सतर्कता बढ़ाने का संकेत देता है।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
