बस्तर में दर्दनाक हादसा: रातों-रात ढही दीवार, मासूम की मौत और दादी गंभीर

जगदलपुर। बस्तर जिले के अलनार गांव में बीती रात एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब कच्चे मकान की दीवार अचानक ढह गई। हादसे में 14 वर्षीय छात्र लोकेश नाग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी दादी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, चार कमरे वाले कच्चे मकान में परिवार के 10 सदस्य सो रहे थे। देर रात करीब ढाई बजे दीवार अचानक गिर गई और मलबे में लोकेश व उसकी दादी दब गए। ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक लोकेश की सांसें थम चुकी थीं।
सुबह तक इंतजार, फिर पोस्टमार्टम
हादसे की सूचना पर सुबह नानगुर तहसील और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव को स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टर मौजूद नहीं थे। मजबूर परिजनों को करीब 5 घंटे तक इंतजार करना पड़ा। बाद में शव को डिमरापाल अस्पताल भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार किया गया।
दादी का इलाज जारी
गंभीर रूप से घायल दादी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
