CG NEWS: दोस्ती के रिश्ते को किया शर्मसार – 15 लाख रुपये के कर्ज ने ली जान, दोस्त ने ही की बेरहमी से हत्या

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां रघुनाथ नगर क्षेत्र में मिली लाश की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। जांच में खुलासा हुआ कि मृतक शिवराज सिंह की हत्या उसके ही दोस्त ने पैसों के विवाद के चलते कर दी। आरोपी पर मृतक का लाखों रुपये कर्ज था, जिसे लौटाने से बचने के लिए उसने दोस्त की गला दबाकर हत्या कर दी और लाश को नदी में फेंक दिया।
कैसे सुलझी हत्या की गुत्थी?
30 अगस्त की शाम 4 बजे बलंगी चौकी के पास चपोता रेड नदी के किनारे पुलिस को एक अज्ञात लाश मिली। पास ही एक मोटरसाइकिल (MP 66 MD 8406) भी खड़ी थी। जांच में शव की पहचान सिंगरौली (मध्यप्रदेश) निवासी शिवराज सिंह उर्फ बब्बे के रूप में हुई।
घटनास्थल से पुलिस को संघर्ष के निशान और टूटा हुआ चाकू मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई।
दोस्त निकला कातिल
पुलिस की जांच में पता चला कि मृतक को आखिरी बार उसके दोस्त सियाचंद वैश्य के साथ देखा गया था। पूछताछ में सियाचंद पहले पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना अपराध कबूल कर लिया।
आरोपी सियाचंद वैश्य मध्यप्रदेश के सिंगरौली का रहने वाला है और वहां उसका प्राइवेट स्कूल भी है।
पैसों का विवाद बना वजह
सियाचंद ने स्वीकार किया कि उसने शिवराज से करीब 7.5 लाख रुपये उधार लिए थे, जो ब्याज जोड़कर करीब 15 लाख रुपये हो चुके थे। वह केवल 1.5 लाख ही लौटा पाया था। लगातार पैसे लौटाने के दबाव से परेशान होकर उसने हत्या की साजिश रच डाली।
उसने पहले सिंगरौली से चाकू खरीदा और फिर जमीन दिखाने के बहाने शिवराज को बलरामपुर बुलाया। मौके पर पहुंचते ही उसने बाइक पर बैठे-बैठे ही चाकू से गला रेतने की कोशिश की। जब यह वार सफल नहीं हुआ तो उसने शिवराज का गला दबाकर हत्या कर दी और शव को नदी में फेंक दिया।
हत्या के बाद स्कूल चला गया
हत्या के बाद आरोपी ने मृतक से 50 हजार रुपये नकद भी लूटे और कपड़े बदलकर अपने स्कूल लौट गया, मानो कुछ हुआ ही न हो। लेकिन पुलिस की पैनी जांच से वह बच नहीं पाया।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
