बलौदाबाजार में पुलिस की दबंगई! लात से घायल हुआ युवक, कमर में धंसी शीशी

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में पुलिस की दबंगई का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि शराब दुकान के बाहर खड़े एक युवक को पुलिसकर्मियों ने इतनी जोर से लात मारी कि उसके पीछे रखे पैकेट में रखी शराब की शीशी टूटकर कमर के निचले हिस्से में धंस गई। इस घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे जिला अस्पताल बलौदाबाजार में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, घायल युवक शासकीय कर्मचारी है और किसी स्कूल में पियून के पद पर कार्यरत है। परिजनों ने पुलिस पर बेवजह मारपीट का आरोप लगाया है। हैरानी की बात यह है कि घायल युवक का इलाज कराने की बजाय पुलिस ने उसी के खिलाफ 36(सी) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया।
युवक कांग्रेस का धरना:
घटना से नाराज़ युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष शैलेंद्र बंजारे के नेतृत्व में थाना परिसर के बाहर गांधीजी की तस्वीर लेकर शांतिपूर्ण धरना दिया। उन्होंने थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
एएसपी का बयान:
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह ने बताया कि घटना को लेकर अभी कोई औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। यदि शिकायत मिलती है, तो 24 घंटे के भीतर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
राजनीतिक प्रतिक्रिया:
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्य सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा, “इस सरकार में कानून का राज नहीं, बल्कि जंगलराज चल रहा है। पुलिस आम जनता पर अत्याचार कर रही है और सरकार चुप्पी साधे बैठी है।”
अब यह देखना दिलचस्प होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
