आजाद हिंद एक्सप्रेस की चपेट में 16 बकरी-बकरे, बचाने दौड़ी मालकिन भी मौत के घाट

भाटापारा में दर्दनाक हादसा — रेलवे फाटक के पास ट्रेन की चपेट में आईं पशु और 62 वर्षीय महिला
by - Thaneshwar sahu
भाटापारा। भाटापारा-हतबंद रेल लाइन पर सोमवार की शाम एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जिसमें ट्रेन की तेज रफ्तार ने 16 बकरियों और एक महिला की जान ले ली। यह घटना बोड़तरा रेलवे फाटक के पास हुई, जब पुणे से हावड़ा जा रही आजाद हिंद एक्सप्रेस वहां से गुजर रही थी।
जानकारी के मुताबिक, बकरियां रेलवे ट्रैक पार कर रही थीं, तभी अचानक ट्रेन की चपेट में आ गईं। उन्हें बचाने के लिए उनकी मालकिन सरस्वती यादव (62 वर्ष) भी पटरियों पर पहुंच गईं, लेकिन वे भी ट्रेन से टकरा गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
ग्रामीण थाना प्रभारी लखेश केंवट के अनुसार, हादसा भाटापारा स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचने से ठीक पहले हुआ। ट्रेन की टक्कर से सभी 16 बकरे-बकरियां मौके पर ही कटकर मर गईं। हादसे के तुरंत बाद ट्रेन करीब 5 मिनट तक वहीं रुकी रही।
घटना की जानकारी मिलते ही स्टेशन प्रबंधक अजय कुमार, आरपीएफ और पुलिस मौके पर पहुंचे। पशुओं को उठाकर पशु अस्पताल भेजा गया, जहां मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
