जल संरक्षण में छत्तीसगढ़ की बड़ी उपलब्धि: बालोद जिला देशभर में नंबर-1, मिला 2 करोड़ का पुरस्कार

बालोद। जल संरक्षण और संवर्धन के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। बालोद जिला ने देशभर में उत्कृष्ट कार्य करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इसके लिए जिले को भारत सरकार की ओर से 2 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
यह सम्मान जिले में 1,06,677 नए जल संरचनाओं के निर्माण और 30,849 पुराने जल स्त्रोतों की मरम्मत व साफ-सफाई जैसे उल्लेखनीय कार्यों के लिए दिया गया है। कलेक्टर दिव्या मिश्रा के मार्गदर्शन में समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता से यह उपलब्धि संभव हुई।
रायपुर नगर निगम को भी राष्ट्रीय पुरस्कार
राष्ट्रीय स्तर पर रायपुर नगर निगम ने ‘जल संचय एवं जनभागीदारी’ (JSJB) अभियान में देशभर में पहला स्थान प्राप्त किया है। वहीं, छत्तीसगढ़ को समग्र रूप से दूसरा स्थान मिला है।
डिप्टी सीएम ने दी बधाई
डिप्टी सीएम अरुण साव ने सोशल मीडिया पर बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की 3 करोड़ जनता के सामूहिक प्रयास से जल संरक्षण में यह गौरव हासिल हुआ है। उन्होंने इसे “सुशासन और जनभागीदारी की जीत” बताया।
प्रदेश के अन्य जिलों को भी सम्मान
बालोद और रायपुर के अलावा राजनांदगांव, महासमुंद, बलौदा बाजार, गरियाबंद, बिलासपुर, रायगढ़, धमतरी, सुरजपुर और दुर्ग जिलों को भी राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला है।
यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है, जो राज्य में जल संरक्षण को जन-आंदोलन के रूप में स्थापित करता है।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
