बगिया बैराज : 13 गांवों में आएगी खुशहाली, 3,921 से अधिक किसानों को मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री ने जशपुर जिले के बगिया स्थित कैंप कार्यालय में क्षेत्र के किसानों को बड़ी सौगात देते हुए 79 करोड़ 38 लाख 78 हजार रुपए की लागत से बनने वाली 'बगिया बैराज सह दाबयुक्त उद्वहन सिंचाई परियोजना' के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया।
रायपुर (CGVARTA)। मुख्यमंत्री ने जशपुर जिले के बगिया स्थित कैंप कार्यालय में क्षेत्र के किसानों को बड़ी सौगात देते हुए 79 करोड़ 38 लाख 78 हजार रुपए की लागत से बनने वाली 'बगिया बैराज सह दाबयुक्त उद्वहन सिंचाई परियोजना' के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। इस महत्वाकांक्षी परियोजना से क्षेत्र के 13 गांवों के 3,921 से अधिक किसानों को सीधा लाभ मिलेगा तथा 8,454 हेक्टेयर कृषि भूमि में सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होगी।
किसानों को सालभर सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि खेती-किसानी छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था का आधार है और किसानों की समृद्धि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि पर्याप्त सिंचाई सुविधा के अभाव में किसानों को कई बार मौसम और वर्षा पर निर्भर रहना पड़ता है। बगिया बैराज परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र के किसानों की यह चिंता काफी हद तक दूर होगी और उन्हें खरीफ के साथ रबी की फसल के लिए भी सिंचाई का पानी मिल सकेगा। इससे किसान वर्ष में एक से अधिक फसल लेकर अपनी आमदनी बढ़ा सकेंगे।
आधुनिक तकनीक से संचालित होगी सिंचाई व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस परियोजना की सबसे बड़ी विशेषता इसका आधुनिक तकनीक आधारित संचालन है। सिंचाई व्यवस्था को मोबाइल के माध्यम से संचालित किया जा सकेगा। छत्तीसगढ़ में इस प्रकार की आधुनिक तकनीक पर आधारित यह पहली परियोजना है, जिससे जल प्रबंधन को अधिक सुविधाजनक और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि बैराज के निर्माण से वर्षभर जल उपलब्धता सुनिश्चित होगी। किसानों को समय पर पानी मिलने से कृषि उत्पादन बढ़ेगा और खेती में नई संभावनाएं विकसित होंगी। सरकार का निरंतर प्रयास है कि प्रदेश के किसानों को आधुनिक सिंचाई सुविधाओं का लाभ मिले, खेती की लागत कम हो और उनकी आय में वृद्धि हो।
इन गांवों के किसानों को मिलेगा लाभ
उल्लेखनीय है कि बगिया बैराज का निर्माण मैनी नदी पर स्थित पुल से लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर ग्राम मुसकुटी में किया जाएगा। इस परियोजना से बगिया, रजौटी, सुजीबहार, दोकड़ा, पतरापाली, बांसबहार सहित आसपास के कुल 13 गांवों के किसानों को सिंचाई सुविधा का लाभ मिलेगा। परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा और कृषि आधारित आजीविका को नई मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, कौशल्या साय, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।

CGVARTA
cgvarta.com (छत्तीसगढ़ वार्ता) छत्तीसगढ़ का एक अग्रणी हिंदी समाचार वेब पोर्टल है, जो प्रदेश और देश-दुनिया की ताज़ा, सटीक एवं निष्पक्ष ख़बरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा मुख्य उद्देश्य जनसामान्य की आवाज़ को प्रमुखता से उठाना तथा राजनीति, शासन-प्रशासन, अपराध, विकास, संस्कृति, खेल और जनहित से जुड़ी प्रत्येक महत्वपूर्ण जानकारी को निष्पक्षता के साथ प्रसारित करना है। प्रमुख विशेषताएँ - छत्तीसगढ़ की क्षेत्रीय एवं राज्य-स्तरीय ताज़ा ख़बरें निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता जन-सरोकार से जुड़े मुद्दे एवं विश्लेषणात्मक रिपोर्ट सत्य, निष्पक्षता और त्वरित समाचार के लिए जुड़े रहें cgvarta.com के साथ
