CG NEWS: आश्रम में बच्चों को नमक-भात परोसा, कलेक्टर ने लिया संज्ञान, अधीक्षक निलंबित

सुकमा। जिले के बालक आश्रम मानकापाल से लापरवाही का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बच्चों को भोजन में केवल नमक के साथ चावल परोसा गया, जिसके बाद प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की।
जैसे ही यह मामला कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के संज्ञान में आया, उन्होंने सहायक आयुक्त हेमंत सिन्हा और मण्डल संयोजक को मौके पर जांच के लिए भेजा। जांच में गंभीर लापरवाही की पुष्टि हुई।
जांच उपरांत आश्रम के प्रभारी अधीक्षक जय प्रकाश बघेल को निलंबित कर दिया गया है। उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि में बघेल का मुख्यालय विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी, सुकमा रहेगा और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा।
कलेक्टर ध्रुव ने स्पष्ट किया कि आश्रमों और छात्रावासों में बच्चों के भोजन, स्वास्थ्य और देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी आश्रमों और छात्रावासों में बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने की सतत निगरानी सुनिश्चित करें।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
