राष्ट्रपति भवन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मुलाकात, द्रौपदी मुर्मू को छत्तीसगढ़ रजत जयंती कार्यक्रमों का न्योता

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नई दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से सौजन्य भेंट की। उन्होंने छत्तीसगढ़ की रजत जयंती वर्ष से जुड़े कार्यक्रमों और विकास योजनाओं की जानकारी दी।
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज राष्ट्रपति भवन, नई दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से सौजन्य भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति को बताया कि वर्ष 2025 छत्तीसगढ़ राज्य के गठन की रजत जयंती के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने इस विशेष अवसर पर राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे विकास, जनकल्याण और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी।
मुख्यमंत्री साय ने राष्ट्रपति को छत्तीसगढ़ आगमन का सादर आमंत्रण भी दिया, ताकि वे राज्य की ऐतिहासिक उपलब्धियों और सांस्कृतिक गौरव को करीब से देख सकें।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को छत्तीसगढ़ की रजत जयंती वर्षगांठ की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने राज्य के सर्वांगीण विकास और जनकल्याण के लिए सरकार के प्रयासों की सराहना की और प्रदेश की निरंतर प्रगति की कामना की।
इस अवसर पर केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू और मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह भी उपस्थित रहे।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
