देश का सबसे बड़ा नक्सल समर्पण आज: 130 नक्सली हथियारों के साथ भैरमगढ़ में होंगे सरेंडर

बीजापुर में आज इतिहास रचने वाला दिन, जब माड़ डिवीजन के नक्सली नेता रूपेश उर्फ सतीश अपने साथियों संग मुख्यधारा में लौटेंगे।
बीजापुर। छत्तीसगढ़ में गुरुवार को देश का सबसे बड़ा नक्सल समर्पण (Naxal Surrender) होने जा रहा है। बताया जा रहा है कि, DKSZC के प्रवक्ता और माड़ डिवीजन के शीर्ष नेता रूपेश उर्फ सतीश उर्फ आसन्ना अपने 130 साथियों के साथ भैरमगढ़ पहुंचकर आत्मसमर्पण करेगा।
इस ऐतिहासिक समर्पण में नक्सली 70 से ज्यादा हथियारों के साथ सरकार के समक्ष आत्मसमर्पण करेंगे। सूत्रों के अनुसार, रूपेश ने केंद्र सरकार को पत्र लिखकर शांति वार्ता की पहल की थी, जिसमें उसने नक्सल विरोधी अभियान को 6 महीनों के लिए रोकने की अपील की थी।
बीजापुर पुलिस ने समर्पण के लिए सम्पूर्ण तैयारियां कर ली हैं। इंद्रावती नदी से लेकर भैरमगढ़ तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं ताकि प्रक्रिया शांतिपूर्वक पूरी हो सके।
रूपेश के सरेंडर से नक्सल मोर्चे में बड़ी हलचल मची हुई है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि इस आत्मसमर्पण से छत्तीसगढ़ के माओवादी आंदोलन को गहरा झटका लगेगा।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
