सूरजपुर: मित्तल कोल्ड स्टोरेज की दीवार गिरने से 3 मजदूरों की मौत, एक घायल, प्रशासन मौके पर

सुबह हुए हादसे में चार मजदूर दबे; कलेक्टर और SSP पहुंचे स्थल, रेस्क्यू जारी, घटना पर बढ़ी सुरक्षा।
By - Thaneshwar sahu
सूरजपुर। जिले के नयनपुर स्थित मित्तल कोल्ड स्टोरेज में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया, जहां अचानक दीवार गिरने से चार मजदूर मलबे में दब गए। इसमें दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। चौथा मजदूर गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज अस्पताल में जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही सूरजपुर कलेक्टर एस. जयवर्धन और एसएसपी प्रशांत ठाकुर तत्काल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थिति का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों को तेज करने के निर्देश दिए।
संभावित विरोध को देखते हुए सुरक्षा कड़ी
हादसे के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति न बने, इसके लिए घटनास्थल पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
रेस्क्यू अभियान जारी
घटनास्थल पर बचाव दल द्वारा मलबा हटाने और अंदर फंसे लोगों की तलाश का काम जारी है। प्रशासन ने बताया है कि हादसे के कारणों की जांच की जाएगी।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
