रायपुर के स्टील फैक्ट्री हादसे में 6 कर्मचारियों की मौत, 6 घायल 2 की हालत गंभीर, फैक्ट्री में इंडस्ट्रियल सेफ्टी पर उठे सवाल

रायपुर। सिलतरा में एक निजी स्टील फैक्ट्री में शुक्रवार को मेंटेनेंस के दौरान गर्म लोहा गिरने से 6 कर्मचारियों की मौत हो गई। इनमें 2 मैंनेजर भी शामिल हैं। वहीं, GM समेत 6 अन्य घायल हो गए हैं, जिनमें से 2 की हालत गंभीर है। घायलों का इलाज देवेंद्र नगर स्थित निजी अस्पताल में जारी है।
धरसींवा थाना क्षेत्र के इस हादसे के बाद पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने बताया कि हादसा अचानक हुआ, कर्मचारियों को संभलने का मौका नहीं मिला। फैक्ट्री में मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश समेत विभिन्न राज्यों के कर्मचारी काम कर रहे थे।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने इंडस्ट्रियल सेफ्टी एक्ट का पालन न होने की बात उठाते हुए मृतकों के परिजनों को 1-1 करोड़ रुपए और घायलों को 50-50 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की मांग की। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ FIR दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए।
हादसे के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और मृतकों के परिजन फैक्ट्री के बाहर जमा हुए। पुलिस, SDM और TI भी मौके पर मौजूद रहे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हादसे पर दुख जताया और घायलों के इलाज की बेहतर व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
