RAIPUR BREAKING : महिला थाना परिसर में खुद को आग लगाने वाली महिला की इलाज के दौरान मौत

रायपुर। RAIPUR BREAKING : राजधानी रायपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। महिला थाना परिसर में खुद पर आग लगाने वाली महिला की रविवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। चार दिन पहले महिला ने थाने परिसर में खुद को आग लगा ली थी और आग की लपटों से घिरी हुई वह चीखते-चिल्लाते हुए थाने के अंदर दौड़ गई थी। पुलिसकर्मियों ने तत्काल प्रतिक्रिया देते हुए कपड़े और पानी डालकर किसी तरह आग पर काबू पाया था। महिला को गंभीर हालत में डीकेएस अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
पति से विवाद के बाद पहुंची थी महिला
बताया जा रहा है कि महिला अपने पति से चल रहे विवाद के बाद महिला थाना काउंसलिंग के लिए पहुंची थी। वहीं उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया। महिला करीब 70 फीसदी तक झुलस गई थी। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।
शादी के बाद से चल रहा था विवाद
मृतका की बहन ने बताया कि पति शिवम गोस्वामी ने महिला को घर से बाहर निकाल दिया था और उसके साथ मारपीट भी की थी। उसने महिला की गर्दन पर पैर रखकर भी मारपीट की थी। दोनों ने करीब 5 साल पहले लव मैरिज की थी और उनके दो बच्चे भी हैं। बहन का कहना है कि शादी के बाद से ही पति लगातार महिला को प्रताड़ित कर रहा था। इसको लेकर महिला ने कई बार महिला आयोग और पुलिस में भी शिकायत की थी।
जांच में जुटी पुलिस
मामला पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र का है। महिला की मौत के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और आगे की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
