लॉज के कमरे में युवक की हत्या, नाबालिग प्रेमिका ने गले पर किए वार

अबॉर्शन के दबाव से नाराज़ किशोरी ने युवक को मौत के घाट उतारा, मां को बताने के बाद खुला राज
रायपुर। राजधानी रायपुर के गंज थाना क्षेत्र में स्थित एक लॉज से युवक की लाश बरामद होने से सनसनी फैल गई। हत्या का आरोप एक नाबालिग लड़की पर है, जिसने युवक की हत्या करने के बाद अपने घर पहुंचकर मां को पूरी घटना की जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान मोहम्मद सद्दाम (निवासी: किशनगंज, बिहार) के रूप में हुई है, जो अभनपुर स्थित एमएस इंजीनियरिंग में काम करता था। घटना एवन लॉज (सत्कार गली, रायपुर) की है।
हत्या की वजह: अबॉर्शन का दबाव
दो साल पहले सोशल मीडिया के ज़रिए सद्दाम और किशोरी की दोस्ती हुई थी। इस दौरान किशोरी गर्भवती हो गई। उसने जब सद्दाम को इसकी जानकारी दी तो सद्दाम ने शनिवार को उसे रायपुर बुलाया। लॉज में ठहरने के दौरान उसने किशोरी पर अबॉर्शन का दबाव बनाया। नाबालिग के मना करने पर विवाद और धमकी भी हुई।
रविवार को किया मर्डर
अगले दिन यानी रविवार को दोनों फिर लॉज पहुंचे और कमरा लिया। दोपहर का खाना खाने के बाद जब सद्दाम सो गया तो किशोरी ने उसके बैग से चाकू निकाला और गले पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद कमरे में ताला लगाकर चाबी रेलवे ट्रैक पर फेंकी और बिलासपुर लौट गई।
मां को बताई सच्चाई
हत्या के बाद किशोरी घबराकर रेलवे स्टेशन पहुंची और वहां मौजूद एक आरपीएफ जवान को सबकुछ बताया। जवान ने उसे माता-पिता को साथ लाने को कहा। इसके बाद सोमवार को उसने अपनी मां को घटना की जानकारी दी। मां ने कोनी थाना पुलिस की मदद से गंज थाना को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव बरामद किया और जांच शुरू की।
पुलिस अब किशोरी को लेकर रायपुर रवाना हो चुकी है।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
