रायगढ़ में दिल दहला देने वाली वारदात: पूरे परिवार की निर्मम हत्या, चरित्र शंका में पड़ोसी निकला कातिल

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में खरसिया के ठुसेकेला गांव में हुई चार हत्याओं की गुत्थी ने पूरे प्रदेश को हिला कर रख दिया था। अब पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर इस दिल दहला देने वाली वारदात का पर्दाफाश कर दिया है। जो कहानी सामने आई, उसने सभी को सन्न कर दिया — हत्या की वजह निकली चरित्र पर शंका और पुरानी रंजिश।
4 शव खाद के गड्ढे से मिले — पूरे गांव में मातम
11 सितंबर को ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी कि बुधराम उरांव के घर का दरवाज़ा अंदर से बंद है और भीतर खून के धब्बे दिख रहे हैं। जब पुलिस दरवाज़ा तोड़कर भीतर दाखिल हुई, तो वहां मौत का सन्नाटा पसरा था।
बाहर बाड़ी में खाद के गड्ढे से बुधराम (42), पत्नी सहोद्रा (37), बेटा अरविंद (12) और बेटी शिवांगी (5) के शव बरामद हुए। शवों पर धारदार हथियार से वार के गहरे निशान थे।
आईजी और एसपी ने खुद की मॉनिटरिंग — 48 घंटे में खुलासा
घटना की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर रेंज आईजी डॉ. संजीव शुक्ला और रायगढ़ एसपी दिव्यांग पटेल खुद मौके पर पहुंचे। एफएसएल, फिंगरप्रिंट, डॉग स्क्वॉड और बीडीएस टीमों के साथ इलाके की नाकेबंदी कर जांच शुरू की गई।
शुरुआती सुरागों ने पुलिस को मृतक के पड़ोसी लकेश्वर पटेल तक पहुंचाया। साक्ष्य मिलने पर पूछताछ की गई तो लकेश्वर टूट गया और उसने जुर्म कबूल कर लिया।
नशे में धुत पड़ोसी पर किया हमला — बच्चों को भी नहीं बख्शा
आरोपी ने बताया कि वह भी राजमिस्त्री है और लंबे समय से बुधराम के साथ झगड़े चल रहे थे। वह उसकी बाड़ी की ज़मीन खरीदना चाहता था, लेकिन बुधराम ने इंकार कर दिया। इसके अलावा, लकेश्वर को बुधराम के चरित्र पर शक था, जिससे उसके मन में गहरी रंजिश बैठ गई थी।
9 सितंबर की रात जब उसने बुधराम को नशे में धुत देखा, तो मौका पाकर उसने एक नाबालिग के साथ मिलकर बुधराम के घर में घुसकर बुधराम, उसकी पत्नी और दो मासूम बच्चों की कुल्हाड़ी, रॉड और गैंती से बेरहमी से हत्या कर दी।
शवों को दफनाने की कोशिश, फिर गड्ढे में फेंका
हत्या के बाद आरोपियों ने शवों को घर में ही दफनाने की कोशिश की, लेकिन ज़मीन सख्त होने के कारण असफल रहे। इसके बाद शवों को घसीटते हुए बाड़ी में खाद के गड्ढे में फेंक दिया।
री-क्रिएशन कराया, हथियार जब्त — गिरफ्तार कर जेल भेजा
पुलिस ने दोनों आरोपियों से घटनास्थल पर री-क्रिएशन कराया। उनके बयान और मेमोरेंडम के आधार पर टंगिया, रॉड, गैंती, फावड़ा, खून से सने कपड़े बरामद किए गए। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
-
लकेश्वर पटेल (32 वर्ष), निवासी राजीवनगर ठुसेकेला — हत्या के एक पुराने मामले में भी सजायाफ्ता
-
एक नाबालिग, विधि के साथ संघर्षरत

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
