छत्तीसगढ़: एनएचएम कर्मचारियों की हड़ताल पर सरकार सख्त, बर्खास्तगी और नई भर्ती के आदेश

रायपुर। छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के संविदा कर्मचारियों की हड़ताल अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। देर रात स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया ने सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएमएचओ) को सख्त निर्देश जारी किए हैं कि जो भी कर्मचारी हड़ताल समाप्त कर ड्यूटी पर नहीं लौटे हैं, उन्हें गुरुवार को ही व्यक्तिगत कानूनी आदेश जारी कर बर्खास्त कर दिया जाए।
साथ ही, सभी जिलों को खाली हुए पदों की सूची तैयार करने और तत्काल नई भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश भी दिए गए हैं। स्वास्थ्य सचिव ने यह भी स्पष्ट किया है कि भर्ती का कैलेंडर तय समयसीमा में पूरा किया जाए और किसी भी हालत में स्वास्थ्य सेवाएं बाधित नहीं होनी चाहिए।
सरकार के इस सख्त रुख से हड़ताली कर्मचारियों में खलबली मच गई है। वहीं दूसरी ओर एनएचएम कर्मचारी संगठन ने सरकार की कार्रवाई का विरोध करते हुए आज “जेल भरो आंदोलन” शुरू करने की घोषणा की है। संगठन का कहना है कि जब तक उनकी प्रमुख मांगें — नियमितीकरण, वेतनमान और सेवा सुरक्षा — पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
