नेपाल में जेल ब्रेक: 18 जेलों से 6 हजार कैदी फरार, भारत-नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट

नेपाल में लगातार तीन दिनों से जारी उथल-पुथल के बीच देश की 18 जेलों से करीब 6,000 कैदी फरार हो गए हैं। इस बड़े पैमाने पर जेल ब्रेक की घटनाओं के बाद भारत के गृह मंत्रालय ने सीमावर्ती जिलों और एसएसबी को हाई अलर्ट पर रहने का आदेश दिया है।
गृह मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक, फरार कैदी नेपाल सीमा खुली होने के कारण बिहार और यूपी के सीमावर्ती इलाकों में शरण ले सकते हैं। इसके अलावा, बैंक लूट में शामिल अपराधियों और नेपाल पुलिस से लूटे गए हथियारों के तस्करी कर सीमावर्ती क्षेत्रों में छिपाए जाने की भी आशंका है।
नेपाल के झुमका जेल से 1,575, पोखरा जेल से 900, महोतरी जेल से 576 और चितवन जेल से 700 कैदी भाग निकले। वहीं काठमांडू के नरखू जेल, कैलाली, कपिलबस्तु और अन्य जेलों से भी सैकड़ों कैदी फरार हुए हैं।
बिहार में नेपाल की 729 किमी लंबी खुली सीमा है, जो सात जिलों से होकर गुजरती है। एसएसबी और स्थानीय पुलिस ने सीमावर्ती रास्तों पर अस्थायी चौकियां बना दी हैं और ड्रोन से निगरानी बढ़ा दी गई है।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
