पहली बार NASA Global Hackathon की मेजबानी करेगा छत्तीसगढ़, जानिए कब और कहाँ होगा ऐतिहासिक आयोजन

रायपुर में होगा NASA International Space Apps Challenge 2025, NIT बना केंद्र, 400 से ज्यादा प्रतिभागी होंगे शामिल
रायपुर। छत्तीसगढ़ के लिए यह गर्व और ऐतिहासिक क्षण है। प्रदेश पहली बार NASA International Space Apps Challenge 2025 जैसे विश्व के सबसे बड़े ग्लोबल हैकथॉन की मेजबानी करने जा रहा है। 4 और 5 अक्टूबर को NIT रायपुर इस प्रतिष्ठित आयोजन का केंद्र बनेगा। यह राज्य के शैक्षणिक और शोध जगत के लिए मील का पत्थर साबित होगा।
एनआईटी रायपुर के Center of Space and Interplanetary Exploration और Innovation Cell के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस 48 घंटे के हैकथॉन में पूरे भारत से 400 से अधिक प्रतिभागी शामिल होंगे। इनमें से 200 से अधिक शोधार्थी और विद्यार्थी छत्तीसगढ़ से होंगे। खास बात यह है कि इसमें स्कूली बच्चों से लेकर पीएचडी स्तर के शोधार्थी तक अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। प्रतियोगिता का आयोजन ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से होगा।
नासा और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों का डाटा इस्तेमाल
प्रतिभागी इस प्रतियोगिता में NASA और उसकी 14 अंतरराष्ट्रीय साझेदार एजेंसियों (जिनमें ISRO भी शामिल है) के ओपन सोर्स डाटासेट और संसाधनों का उपयोग करेंगे। करीब 20 से 30 वास्तविक चुनौतियों पर काम करते हुए वे पृथ्वी विज्ञान, अंतरिक्ष और ब्रह्मांड से जुड़े नवीन समाधान पेश करेंगे।
थीम – Learn, Launch, Lead
इस बार का वैश्विक थीम है – Learn, Launch, Lead। इसके तहत प्रतियोगी ग्रह रक्षा, जलवायु परिवर्तन, एस्ट्रोफिजिक्स, डेटा विज़ुअलाइजेशन, अंतरिक्ष अन्वेषण और भविष्य के आवास डिज़ाइन जैसे अहम क्षेत्रों में नवाचार करेंगे।
छत्तीसगढ़ को वैश्विक पहचान
यह आयोजन न केवल युवा प्रतिभाओं को वैश्विक मंच से जोड़ेगा बल्कि छत्तीसगढ़ को अंतरराष्ट्रीय नवाचार मानचित्र पर नई पहचान देगा। यहां से चुनी गई परियोजनाएं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत होंगी और NASA के 10 Global Awards के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
