लखनऊ एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला: टेकऑफ़ से पहले इंडिगो फ्लाइट रोकी गई, डिंपल यादव समेत 151 यात्री सवार

लखनऊ। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शनिवार (13 सितंबर) सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब दिल्ली जाने वाली इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट को टेकऑफ़ से ठीक पहले अचानक रोकना पड़ा। विमान के इंजन में आई तकनीकी खराबी के चलते यह आपातकालीन निर्णय लिया गया। इस फ्लाइट में समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव सहित कुल 151 यात्री सवार थे।
तेज रफ्तार में अचानक ब्रेक
यह घटना सुबह करीब 10:30 बजे की है। इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E-2111 लखनऊ से दिल्ली के लिए उड़ान भरने को तैयार थी। सभी यात्री बोर्डिंग कर चुके थे और अपनी-अपनी सीटों पर बैठ गए थे। जैसे ही विमान ने रनवे पर रफ्तार पकड़नी शुरू की, अचानक इंजन में गड़बड़ी महसूस हुई। पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत विमान को रोक दिया और एयर ट्रैफिक कंट्रोल को इसकी सूचना दी।
अचानक ब्रेक लगने से यात्रियों में कुछ पल के लिए दहशत फैल गई। कई लोगों को लगा कि कोई बड़ा हादसा होने वाला है। हालांकि, क्रू मेंबर्स ने यात्रियों को शांत कराया और उन्हें स्थिति की जानकारी दी।
तकनीकी खामी की जांच, दूसरे विमान से रवाना किए यात्री
विमान को रनवे से हटाकर पार्किंग क्षेत्र में ले जाया गया, जहां इंडिगो के इंजीनियरों ने तकनीकी खराबी की जांच शुरू की। यात्रियों को बाद में दूसरे विमान में शिफ्ट कर दिल्ली के लिए रवाना किया गया। एयरलाइन प्रशासन ने इस असुविधा के लिए खेद जताया।
इस घटना के चलते उड़ान में कुछ घंटों की देरी हुई, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, पायलट की सतर्कता और तुरंत निर्णय ने एक बड़ी दुर्घटना को टाल दिया और 151 लोगों की जान बचा ली।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
