युक्तियुक्तकरण के बाद ज्वाइनिंग नहीं देने वाले 4 शिक्षक निलंबित, कई का वेतन रोका गया

रायपुर। कोरबा जिले में युक्तियुक्तकरण प्रक्रिया के बाद भी ज्वाइनिंग नहीं देने वाले 4 शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है। वहीं, ज्वाइनिंग से लगातार इंकार कर रहे कई अन्य शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर उनके दो महीने का वेतन भी रोक दिया गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जिन शिक्षकों को नए विद्यालयों में पदस्थापित किया गया है, उन्हें तत्काल ज्वाइनिंग देकर बच्चों की पढ़ाई सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसा नहीं किया गया तो कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि शासन द्वारा जारी युक्तियुक्तकरण निर्देश के तहत कोरबा जिले के प्राथमिक शाला के 292 सहायक शिक्षक एवं 15 प्रधान पाठक तथा माध्यमिक शाला के 153 शिक्षक एवं प्रधान पाठक अतिशेष के रूप में चिन्हांकित हुए थे। युक्तियुक्तकरण के बाद इन शिक्षकों को शिक्षक विहीन एवं एकल शिक्षकीय विद्यालयों में पदस्थ करने का निर्णय लिया गया था। इसके लिए ओपन काउंसलिंग भी आयोजित की गई थी।
कई असंतुष्ट शिक्षकों ने जिला स्तर पर और फिर उच्च न्यायालय में याचिकाएं भी दाखिल की थीं। कोर्ट के निर्देश पर जिला व संभागीय युक्तियुक्तकरण समितियों में सुनवाई की गई। अधिकांश अभ्यावेदन खारिज कर दिए गए, जबकि कुछ को मान्य किया गया। बावजूद इसके कई शिक्षकों ने अब तक कार्यभार ग्रहण नहीं किया है।
ऐसे शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए थे, जिनके जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर 4 सहायक शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है और सभी गैरहाजिर शिक्षकों का दो माह का वेतन रोक दिया गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि अधिकतर शिक्षकों ने दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यालयों में कार्यभार ग्रहण कर लिया है, जिससे इन स्कूलों में पढ़ाई की व्यवस्था सुनिश्चित हो गई है। जिन विद्यालयों में अब भी शिक्षकों की कमी है, वहां जिला खनिज न्यास मद से मानदेय शिक्षकों की व्यवस्था की जा रही है।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
