कवर्धा में दुर्गा पंडाल हटाने पर बवाल, पुलिस से मारपीट, कई घायल

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में दुर्गा पंडाल हटाने को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। कुकदूर थाना क्षेत्र के कामठी गांव में दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद को शांत कराने पहुंची पुलिस पर भी लोगों ने हमला कर दिया। घटना में कई लोग घायल हो गए हैं। मौके पर तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
विवाद की जड़
जानकारी के अनुसार, कामठी गांव में पिछले वर्ष भी दुर्गा मां की मूर्ति स्थापना को लेकर गोंडवाना समाज और गांव वालों के बीच विवाद हो चुका है। उस समय भी मामला इतना बढ़ा कि जिला प्रशासन और पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा था।
तब अधिकारियों की मौजूदगी में मंदिर परिसर का ताला खोलकर दुर्गा मां की मूर्ति स्थापित कराई गई थी। लेकिन इस बार फिर से विवाद गहरा गया और पंडाल हटाने को लेकर झगड़ा हो गया।
आदिवासी समाज का दावा
स्थानीय आदिवासी समाज का कहना है कि कामठी गांव का प्राचीन मंदिर उनके पूर्वजों द्वारा बनाया गया था, इसलिए उस पर उनका अधिकार है। वहीं गांव के अन्य लोग भी मंदिर में सभी देवी-देवताओं की पूजा करते हैं। इसी अधिकार विवाद को लेकर तनाव की स्थिति बार-बार सामने आती रहती है।
फिलहाल पुलिस ने हालात काबू में कर लिए हैं और आगे की जांच जारी है।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
