NH-43 पर रात में क्या हुआ? I-20 कार उड़ी ट्रेलर से टकराकर… 5 लोगों की मौत

जशपुर जिले के दुलदुला थाना क्षेत्र में भीषण सड़क हादसा, कार के परखच्चे उड़ने से पांच लोगों की मौके पर मौत, पहचान अभी बाकी।
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में NH-43 पर शनिवार देर रात दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। पतराटोली के पास सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर से तेज रफ्तार I-20 कार जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के टुकड़े बिखर गए और भीतर बैठे पांचों लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, कार (नंबर CG 10 AD 7771) जशपुर से कुनकुरी की ओर जा रही थी। तभी दुलदुला थाना क्षेत्र के पतराटोली मोड़ पर खड़े ट्रेलर से उसका सीधा टकराव हो गया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे लेकिन कार इतनी क्षतिग्रस्त हो चुकी थी कि किसी को बचाया नहीं जा सका।
सूचना मिलते ही दुलदुला थाना प्रभारी के.के. साहू अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सभी शवों को पीएम के लिए दुलदुला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। पुलिस के मुताबिक मृतक दुलदुला थाना क्षेत्र के आसपास के रहने वाले बताए जा रहे हैं, लेकिन आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है। स्वास्थ्य केंद्र में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी है और पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
