मुस्लिम युवक पहुंचा गरबा करने, हिंदू संगठन ने तिलक लगवाकर जयकारे लगवाए

गरबा आयोजन में गैर हिंदुओं के प्रवेश पर रोक के बावजूद युवक पहुँचा, देवी की मूर्ति के सामने कराया प्रणाम
जगदलपुर। नवरात्रि के अवसर पर बस्तर के जगदलपुर स्थित एक निजी रिसॉर्ट में आयोजित गरबा कार्यक्रम में विवाद की स्थिति बन गई। आयोजन स्थल पर सोमवार रात मुस्लिम समुदाय का युवक शाकिब नवाब भी पहुंचा। समिति द्वारा बनाए गए नियमों के अनुसार गैर हिंदुओं के प्रवेश पर रोक थी।
हिंदू संगठन के सदस्यों ने युवक को पहचानने के बाद पकड़ लिया और देवी की मूर्ति के सामने ले जाकर माथे पर तिलक लगाया। युवक से माता रानी के जयकारे लगवाए, प्रसाद खिलाया और प्रणाम भी कराया।
नियमों का उल्लंघन
रोटरी क्लब की ओर से आयोजित गरबा कार्यक्रम के लिए पहले ही नियम बनाए गए थे, जिसमें गैर हिंदुओं के प्रवेश पर रोक थी। इसके बावजूद युवक वहां पहुंच गया। इस पर समिति और सनातन क्षेत्रीय मंच के सदस्यों ने एक्शन लिया और वीडियो भी बना लिया।
हिंदू संगठन की सफाई
सनातन क्षेत्रीय मंच के सदस्य कुणाल चालीस गांवकर ने बताया कि 21 सितंबर को विभिन्न समाजों और संगठनों की बैठक में यह निर्णय लिया गया था। इसकी जानकारी बस्तर जिले के SP शलभ सिन्हा को भी दी गई थी। उन्होंने कहा कि नवरात्रि के दौरान सुरक्षा बल बनाया गया है, जो सुनिश्चित करेगा कि आयोजनों में कोई अश्लीलता, अभद्रता या गैर हिंदुओं का प्रवेश न हो।
वक्फ बोर्ड की अपील
छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने भी मुस्लिम युवाओं से अपील की थी कि वे गरबा जैसे धार्मिक आयोजनों में शामिल न हों। उनका कहना था कि अगर किसी की धार्मिक आस्था मूर्ति पूजा में नहीं है, तो उसे ऐसे आयोजनों से दूर रहना चाहिए।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
