छत्तीसगढ़ में जन्मा अद्भुत 'जलपरी' बच्चा, तीन घंटे बाद निधन

धमतरी में 28 वर्षीय महिला ने जन्म दिया मरमेड सिंड्रोम (सिरेनोमेलिया) से प्रभावित शिशु को
धमतरी/छत्तीसगढ़। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में 28 वर्षीय महिला ने एक दुर्लभ ‘जलपरी’ (Mermaid baby) जैसे बच्चे को जन्म दिया। डॉक्टरों का कहना है कि यह छत्तीसगढ़ का पहला और भारत का दूसरा केस है।
महिला आठ महीने की गर्भवती थी और बुधवार सुबह जिला अस्पताल में भर्ती हुई। प्रसव के दौरान डॉक्टर और नर्स हैरान रह गए क्योंकि शिशु के दोनों पैर आपस में जुड़े हुए थे, जो मरमेड टेल जैसी संरचना बनाते थे।
डॉक्टर रागिनी ठाकुर के अनुसार, बच्चे के ऊपर का हिस्सा पूरी तरह विकसित था — आंख, नाक और हृदय सामान्य थे। लेकिन रीढ़ की हड्डी से नीचे का हिस्सा और जननांग विकसित नहीं हुए थे। दोनों पैर फ्यूज होकर पूंछ जैसी संरचना बन गए थे। इस स्थिति को मरमेड सिंड्रोम या सिरेनोमेलिया कहा जाता है।
बच्चा जन्म के समय जीवित था और ऑक्सीजन सपोर्ट पर तीन घंटे तक रहा, इसके बाद उसका निधन हो गया। विशेषज्ञों के अनुसार, यह अत्यंत दुर्लभ जन्म दोष है — विश्व में लगभग 1 लाख बच्चों में केवल 1 बच्चा मरमेड सिंड्रोम के साथ पैदा होता है।
डॉक्टर रागिनी ने बताया कि इस तरह के मामलों के जन्म के स्पष्ट कारण नहीं होते, लेकिन गर्भावस्था के दौरान कुछ दवाइयों के सेवन से ऐसे दुर्लभ जन्म दोष की संभावना होती है। उन्होंने कहा कि अपने अब तक के करियर में उन्होंने केवल दो बार ऐसे केस देखे हैं।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
