दिल्ली में बड़ा हादसा: फ्लाईओवर से रेल पटरियों पर गिरी कार, एक घायल — कुछ देर ठप रही रेल सेवा

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के बाहरी इलाके बवाना में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। मुकरबा चौक के पास एक तेज़ रफ्तार कार फ्लाईओवर की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे रेलवे ट्रैक पर जा गिरी। इस हादसे में कार चालक घायल हो गया, जबकि गनीमत रही कि कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई।
हादसे का पूरा घटनाक्रम
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गाजियाबाद से आ रही कार अचानक बेकाबू हो गई और फ्लाईओवर से सीधे नीचे रेलवे पटरियों पर जा गिरी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रेलिंग टूट गई और कार कई फीट नीचे जाकर उल्टी गिर गई। हादसे के तुरंत बाद पुलिस और बचाव दल की टीम मौके पर पहुंची और कार को क्रेन की मदद से हटाया गया।
करीब 1 घंटे तक रेलवे सेवाएं बाधित रहीं। इसके बाद ट्रैक को साफ कर रेल परिचालन दोबारा शुरू किया गया।
घायल चालक की पहचान
हादसे में घायल चालक की पहचान सचिन चौधरी, निवासी प्रताप विहार, गाजियाबाद के रूप में हुई है। उनके कंधे और चेहरे पर चोटें आई हैं और उन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि घटना के वक्त वह गाड़ी को तेज रफ्तार में चला रहे थे। चश्मदीदों ने यह भी दावा किया कि चालक नशे की हालत में था, हालांकि इसकी पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
रेलवे ट्रैक पर मिली लावारिस बाइक
पुलिस को घटना स्थल पर एक लावारिस बाइक भी मिली है, जो हादसे से पहले ही वहां पर पड़ी हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि बाइक चोरी की हो सकती है। पुलिस अब उसके मालिक की तलाश कर रही है।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
