दार्जिलिंग में तबाही: रातभर की बारिश से भूस्खलन में कई गांव दफन, 6 की मौत – दुदिया पुल भी ढहा

भारी बारिश ने मचाई तबाही: दार्जिलिंग के मिरिक क्षेत्र में भूस्खलन से छह लोगों की मौत, कुर्सियांग से संपर्क टूटा
दार्जिलिंग। पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले में मिरिक क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश ने कहर बरपा दिया है। शुक्रवार की रात हुए भूस्खलन में कम से कम छह लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। भूस्खलन की चपेट में कई घर और सड़कें आ गईं, जबकि मिरिक और कुर्सियांग को जोड़ने वाला ऐतिहासिक दुदिया लौह पुल ढह गया। इस पुल के टूटने से प्रमुख पर्यटन स्थलों और आसपास के गांवों का संपर्क पूरी तरह कट गया है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, कुर्सियांग के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 110 के हुसैन खोला इलाके में सड़कों पर कीचड़ और मलबे का ढेर लग गया है, जिससे यातायात ठप हो गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में टूटी सड़कों, गिरे मकानों और मलबे में फंसे वाहनों के दृश्य सामने आए हैं।
दुदिया पुल के ढहने से राहत और बचाव दलों के लिए प्रभावित इलाकों तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। प्रशासन ने आपदा प्रबंधन टीमों को अलर्ट पर रखा है और मलबा हटाने के कार्य में जुटा दिया है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और अलीपुरद्वार जिलों के लिए रविवार सुबह तक रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि पश्चिमी झारखंड और दक्षिण बिहार से बना निम्न दबाव का क्षेत्र उत्तर की ओर बढ़ रहा है, जिससे बारिश का असर शनिवार शाम तक जारी रह सकता है।
इस बीच, दक्षिण बंगाल के कई जिलों में भी भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। प्रशासन ने नागरिकों और पर्यटकों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
राहत कार्य जारी हैं, लेकिन लगातार बारिश राहतकर्मियों के लिए बड़ी चुनौती बन रही है।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
