DSP कल्पना वर्मा–दीपक टंडन विवाद में नया मोड़: अब पूर्व CM तक जांच की मांग क्यों?

भाजपा नेता राधिका खेड़ा ने दीपक टंडन के राजनीतिक संबंधों की पूरी जांच की मांग की—पुराना पिटाई वीडियो भी फिर चर्चा में।
By – Thaneshwar Sahu
रायपुर। DSP कल्पना वर्मा और कारोबारी दीपक टंडन से जुड़े विवाद के बीच अब राजनीति ने नया मोड़ ले लिया है। कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आईं राधिका खेड़ा ने दावा किया है कि दीपक टंडन के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उनकी तत्कालीन सचिव सौम्या चौरसिया से संबंधों की जांच कराई जानी चाहिए।
खेड़ा का कहना है कि “कुछ ही वर्षों में एक छोटे कारोबारी का बड़े व्यापारी के रूप में उभरना कई सवाल खड़े करता है।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दीपक टंडन किसके कहने पर सौम्या चौरसिया से जेल में मिलने जाता था, इसकी भी जांच जरूरी है ताकि पूरा सच सामने आए।
पुराना वीडियो फिर चर्चा में
दीपक टंडन के होटल वेलकम श्री का एक पुराना वीडियो भी दोबारा वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग उसकी पिटाई करते दिखाई देते हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो लेन-देन के विवाद से जुड़ा था। बकाया रकम न चुकाने पर विवाद बढ़ा और झगड़ा हुआ था।
कौन हैं राधिका खेड़ा?
राधिका खेड़ा 2024 लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के मतदान के दिन कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुई थीं। भाजपा में आने से पहले वे कांग्रेस की नेशनल मीडिया को-ऑर्डिनेटर, नेशनल सेक्रेटरी और सोशल मीडिया हेड रही हैं। उन्होंने कॉन्वेंट ऑफ जीसस एंड मेरी से स्कूलिंग और DCAC, दिल्ली विश्वविद्यालय से पॉलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन किया है।
डीएसपी कल्पना वर्मा का ‘लव ट्रैप’ विवाद
डीएसपी कल्पना वर्मा 2021 में महासमुंद में पदस्थ थीं। उसी दौरान एक बैचमेट की पहचान के जरिए उनकी मुलाकात दीपक टंडन से हुई। दोनों के बीच मोबाइल नंबर एक्सचेंज हुए और कुछ ही दिनों में मुलाकातें शुरू हो गईं। कई बार साथ घूमने और छोटे ट्रिप पर जाने की बातें भी सामने आईं।
कारोबारी दीपक टंडन की शिकायत
टंडन ने अक्टूबर में खम्हारडीह थाना में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें आरोप लगाया गया कि कल्पना वर्मा और उनके परिवार ने पैसे, गाड़ी और ज्वेलरी ली लेकिन वापस नहीं की।
शुरुआती दिनों में पुलिस ने कोई बड़ी कार्रवाई नहीं की, जिसके बाद टंडन ने मीडिया के सामने आकर पूरा मामला उजागर किया।
DSP कल्पना वर्मा की सफाई
कल्पना वर्मा ने सभी आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि टंडन ने उन्हें कोर्ट केस वापस लेने का दबाव दिया, और जब उन्होंने मना किया तो फर्जी चैट्स और एडिटेड तस्वीरें वायरल कर दी गईं।
दीपक टंडन के खिलाफ वारंट व अन्य मामले
हाल ही में कोरबा कोर्ट ने दीपक टंडन के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है।सक्ति जिले के एक व्यवसायी ने भी 15 लाख की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है।
इसके अलावा 2018 में रायपुर में भी टंडन के खिलाफ FIR दर्ज है। आरोप है कि वह खुद को बड़े नेताओं का करीबी बताकर कोयला व्यवसाय, सरकारी नौकरी, और ठेका दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी करता था।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
