मतदाता सूची SIR पर बड़ा अपडेट: 23 दिसंबर को जारी होगा ड्राफ्ट, फॉर्म-6 में नियम बदले

CEO यशवंत कुमार बोले—गणना प्रपत्रकों का संकलन 100% पूरा, 27 लाख से ज्यादा फॉर्म अनकलेक्टेड
रायपुर। राज्य में मतदाता सूची की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चल रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवंत कुमार ने अहम जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर गणना प्रपत्रकों का संकलन लगभग पूरा कर लिया गया है और आगे की प्रक्रिया तय कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ेगी।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि SIR के तहत गणना प्रपत्रक फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 18 दिसंबर तय की गई थी। इस अवधि में 100 प्रतिशत गणना प्रपत्रकों का संकलन पूरा कर लिया गया है। हालांकि, कुल 27 लाख 34 हजार 817 गणना प्रपत्रक ऐसे पाए गए हैं, जो अनकलेक्टेड हैं। इनमें अधिकांश वे मतदाता शामिल हैं, जो अपने मूल स्थान से किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित हो चुके हैं।
फॉर्म-6 से जुड़वा सकेंगे नाम
CEO यशवंत कुमार ने स्पष्ट किया कि जो मतदाता स्थान परिवर्तन के कारण सूची से बाहर हो गए हैं, वे फॉर्म-6 के माध्यम से अपना नाम मतदाता सूची में दोबारा जुड़वा सकते हैं। उन्होंने बताया कि इस बार नियमों में आंशिक बदलाव किया गया है। अब फॉर्म-6 के साथ घोषणा पत्र (Declaration Form) देना भी अनिवार्य होगा।
23 दिसंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने आगे बताया कि मतदाता सूची का ड्राफ्ट पब्लिकेशन 23 दिसंबर को किया जाएगा। यह ड्राफ्ट निर्वाचन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराया जाएगा। इसके बाद एक माह तक दावा-आपत्ति की प्रक्रिया चलेगी, जिसके दौरान प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार निराकरण किया जाएगा।
उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे ड्राफ्ट सूची जारी होने के बाद अपना नाम, विवरण और अन्य जानकारियों की जांच अवश्य करें, ताकि अंतिम मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि न रह जाए।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
