नक्सल नेटवर्क को बड़ा झटका: 35 हार्डकोर नक्सली करेंगे आत्मसमर्पण, मुठभेड़ में एक ढेर

हिडमा बटालियन के कमांडर भी करेंगे सरेंडर, बीजापुर में सुरक्षाबलों की कार्रवाई तेज
बीजापुर। छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा पर सक्रिय नक्सली नेटवर्क को बड़ा झटका लगने वाला है। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार को तेलंगाना पुलिस के समक्ष 35 नक्सली आत्मसमर्पण करने जा रहे हैं। इनमें संगठन के कई हार्डकोर और सक्रिय सदस्य शामिल बताए जा रहे हैं।
सबसे अहम बात यह है कि इस आत्मसमर्पण में कुख्यात नक्सली हिडमा की बटालियन से जुड़े कमांडर भी शामिल हैं। इसके साथ ही केएमडीसी (KMDC) के कमांडर एरौल्ला रवि उर्फ प्रशांत के भी हथियार डालने की जानकारी सामने आई है। इसे नक्सल विरोधी अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
बीजापुर में मुठभेड़, एक नक्सली ढेर
इसी बीच शुक्रवार को नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले के भैरमगढ़ इलाके में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ जारी है। सुरक्षाबलों की प्रभावी कार्रवाई में अब तक एक नक्सली को मार गिराया गया है, जिसके पास से हथियार सहित शव बरामद किया गया है।
रुक-रुक कर फायरिंग जारी
जानकारी के मुताबिक, यह मुठभेड़ नक्सल विरोधी सर्च ऑपरेशन के दौरान शुरू हुई, जब जवानों ने इलाके में मौजूद नक्सलियों को घेर लिया। दोनों ओर से रुक-रुक कर फायरिंग जारी है, जिससे मृत नक्सलियों की संख्या बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
नारायणपुर में 11 नक्सलियों ने किया था सरेंडर
इससे पहले 17 दिसंबर को नारायणपुर जिले में 11 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया था। इनमें 3 ASM और 2 DCM स्तर के नक्सली शामिल थे, जिन पर कुल 37 लाख रुपये का इनाम घोषित था। सभी नक्सलियों ने SP रॉबिनसन गुड़िया के सामने हथियार डाले थे और ये अबूझमाड़ क्षेत्र में सक्रिय थे।
बीजापुर में 34 इनामी नक्सलियों का सामूहिक आत्मसमर्पण
वहीं मंगलवार को बीजापुर एसपी कार्यालय में कुल 84 लाख रुपये के इनामी 34 नक्सलियों ने एक साथ आत्मसमर्पण किया था। सभी ने SP बीजापुर और DIG CRPF के समक्ष हथियार डाले थे, जिसे सुरक्षा एजेंसियों की बड़ी सफलता माना गया।
तेलंगाना में 15 नक्सली गिरफ्तार
उधर तेलंगाना स्टेट कमेटी के बड़े नक्सली कमांडर दामोदर उर्फ चोक्का राव को मंचिराल से गिरफ्तार किया गया था। उसके साथ कुल 15 नक्सलियों की गिरफ्तारी हुई थी, जिनमें 9 महिलाएं और 7 पुरुष शामिल हैं। सभी को हैदराबाद स्थित DGP कार्यालय ले जाया गया था।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
