बांग्लादेश में कट्टरपंथ की हदें पार: हिंदू युवक की पीट-पीटकर हत्या, शव को आग के हवाले किया

भारत विरोधी प्रदर्शनों के बीच मयमनसिंह में हिंसा, अंतरिम सरकार ने दी कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
नई दिल्ली। बांग्लादेश में जारी हिंसक विरोध-प्रदर्शनों के बीच कट्टरपंथ का एक बेहद भयावह मामला सामने आया है। भारत विरोधी माहौल के बीच एक हिंदू युवक की भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या कर दी गई और बाद में उसके शव को पेड़ से बांधकर आग लगा दी गई।
यह घटना बांग्लादेश के मयमनसिंह जिले की बताई जा रही है, जहां 30 वर्षीय दीपू चंद्र दास पर इस्लाम का अपमान करने का आरोप लगाकर गुस्साई भीड़ ने हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के दौरान प्रदर्शनकारी धार्मिक नारे लगा रहे थे।
आरोप लगते ही फैला तनाव
बांग्लादेशी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दीपू चंद्र पर विश्व अरबी भाषा दिवस के अवसर पर एक फैक्ट्री में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इस्लाम और पैगंबर मोहम्मद को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया गया। यह आरोप फैलते ही इलाके में तनाव बढ़ गया और देखते ही देखते भीड़ हिंसक हो गई।
मौत के बाद भी नहीं थमी हिंसा
दीपू की मौत के बाद हालात और भयावह हो गए। भीड़ ने शव को रस्सी से एक पेड़ से बांधा, नारेबाजी की और फिर आग लगा दी। इस घटना से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल फैल गया।
प्रशासन ने की पुष्टि
घटना की पुष्टि करते हुए भालुका उपजिला के कार्यकारी अधिकारी मोहम्मद फिरोज हुसैन ने बताया कि पैगंबर के अपमान के आरोप में एक व्यक्ति की हत्या की गई है और शव पुलिस की निगरानी में है। वहीं अवामी लीग नेता मोहम्मद अली अराफात ने इस घटना को बांग्लादेश में बढ़ते कट्टरपंथ का संकेत बताया।
अंतरिम सरकार की कड़ी प्रतिक्रिया
मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार ने इस लिंचिंग की कड़ी निंदा की है। सरकार ने कहा कि “नए बांग्लादेश में इस तरह की हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है” और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
यूनुस ने राष्ट्र के नाम संबोधन में कहा कि इस जघन्य अपराध में शामिल लोगों को जल्द न्याय के कटघरे में लाया जाएगा और किसी के साथ नरमी नहीं बरती जाएगी।
हिंसा से दूरी बनाने की अपील
यूनुस के प्रेस सचिव शफीकुल आलम ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर हिंसा, धमकी, आगजनी और नफरत की खुलकर निंदा की है। सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे उकसावे और हिंसा से दूर रहें।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
