बीजापुर में नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम, सुरक्षाबलों ने बरामद किया हथियारों का जखीरा

आईईडी, बारूद और हथियार बनाने का सामान बरामद — आंध्र-ओडिशा बॉर्डर पर हुई कार्रवाई, एक दिन पहले 62 नक्सलियों ने फडणवीस के सामने किया था सरेंडर।
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों की बड़ी साजिश को सुरक्षाबलों ने नाकाम कर दिया है। जवानों ने आंध्र प्रदेश और ओडिशा बॉर्डर पर नक्सलियों का एक बड़ा डंप बरामद किया है। इस डंप में आईईडी, बारूद और हथियार बनाने के उपकरण शामिल हैं। बताया जा रहा है कि यह सामग्री सेलुर और मलकानगिरी के जंगलों के बीच छिपाई गई थी।
सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई से नक्सलियों की बड़ी योजना विफल हो गई है।
जवानों को आशंका है कि नक्सली त्योहारी सीजन में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। फिलहाल बरामद सामान को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
महाराष्ट्र में 62 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण
इससे पहले मंगलवार को नक्सल नेता सोनू उर्फ भूपति ने अपने 61 साथियों के साथ महाराष्ट्र के गढ़चिरौली पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया।
इसके लिए महाराष्ट्र सरकार की ओर से गढ़चिरौली में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसमें मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी मौजूद थे।
कार्यक्रम के दौरान सोनू उर्फ भूपति ने 56 हथियारों के साथ सरेंडर किया।
गौरतलब है कि संघर्ष विराम को लेकर सोनू उर्फ भूपति द्वारा जारी प्रेस नोट के बाद नक्सली संगठन में दरार पड़ गई थी।
इसके बाद संगठन ने सोनू और उनके साथियों से हथियार छीनने के लिए PLGA दल को निर्देश दिए थे।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
