10 घंटे की उड़ान के बाद हड़कंप: अमृतसर से बर्मिंघम जा रही Air India फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग

बोइंग ड्रीमलाइनर 787-8 की बर्मिंघम एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग, सभी यात्री सुरक्षित — जांच में सिस्टम सामान्य मिले
अमृतसर। अमृतसर से इंग्लैंड के बर्मिंघम जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI-117 (बोइंग ड्रीमलाइनर 787-8) को शनिवार देर रात बर्मिंघम एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी।
फ्लाइट ने 4 अक्टूबर को दोपहर 12:52 बजे अमृतसर से उड़ान भरी थी और लगभग 10 घंटे 45 मिनट की यात्रा के बाद ब्रिटेन पहुंची।
लैंडिंग से ठीक पहले विमान की रैम एयर टरबाइन (RAT) अपने आप एक्टिव हो गई। यह सिस्टम सामान्यतः तब सक्रिय होता है जब विमान के सभी इंजन पावर खो देते हैं या हाइड्रोलिक फेलियर होता है।
सावधानी बरतते हुए पायलट ने तुरंत एहतियातन इमरजेंसी लैंडिंग की।
एअर इंडिया ने बयान जारी कर बताया कि सभी यात्री और क्रू पूरी तरह सुरक्षित हैं।
जांच में पाया गया कि विमान के सभी इलेक्ट्रिकल और हाइड्रोलिक सिस्टम सामान्य रूप से काम कर रहे थे, इसलिए हादसे की कोई स्थिति नहीं बनी।
विमान को फिलहाल ग्राउंड कर दिया गया है, और उसकी दिल्ली वापसी वाली उड़ान रद्द कर दी गई है।
यात्रियों को दूसरी फ्लाइट के माध्यम से भेजने की व्यवस्था की गई है।
गौरतलब है कि इसी मॉडल का एक बोइंग ड्रीमलाइनर 787-8 12 जून को अहमदाबाद से उड़ान भरने के कुछ देर बाद क्रैश हो गया था, जिसमें 270 लोगों की मौत हुई थी।
हालांकि एयर इंडिया ने स्पष्ट किया है कि दोनों घटनाओं का कोई तकनीकी संबंध नहीं है।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
