नक्सल मोर्चे पर बड़ी सफलता: छत्तीसगढ़ में 12 माओवादी हथियार डाल मुख्यधारा में लौटे, CM साय बोले- नक्सलवाद होगा जड़ से खत्म

CM विष्णुदेव साय की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति 2025 और नियद नेल्लानार योजना से नक्सलियों में बढ़ा विश्वास, अब तक 1704 माओवादी कर चुके आत्मसमर्पण
रायपुर/नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि राज्य सरकार की नवीन आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति 2025 और नियद नेल्लानार योजना के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। इन योजनाओं से नक्सलियों में विश्वास और उम्मीद जगी है, जिसके चलते वे हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौट रहे हैं।
बुधवार को नारायणपुर जिले में चलाए जा रहे “माड़ बचाओ अभियान” के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बीएसएफ और आईटीबीपी की मौजूदगी में पांच महिला समेत कुल 12 नक्सलियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। आत्मसमर्पित नक्सलियों पर कुल 18 लाख रुपये का इनाम घोषित था। इनमें दो एरिया कमेटी सदस्य भी शामिल हैं।
सरकार ने आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को 50-50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि के चेक प्रदान किए हैं और नक्सल उन्मूलन नीति के तहत मिलने वाली सभी सुविधाएं देने की घोषणा की है। CM साय ने बताया कि अब तक उनकी सरकार के कार्यकाल में 1704 माओवादी आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा से जुड़ चुके हैं।
उन्होंने कहा कि “डबल इंजन की सरकार 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद को जड़ से समाप्त कर देगी और आत्मसमर्पण करने वाले सभी नक्सलियों को पुनर्वास व सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराएगी।”
नियद नेल्लानार योजना: बदलाव की नई बयार
सीएम विष्णुदेव साय की अगुवाई में चल रही नियद नेल्लानार योजना के तहत बस्तर क्षेत्र में सुरक्षा शिविरों के पांच किलोमीटर दायरे में आने वाले गांवों को बुनियादी सुविधाओं और 32 से अधिक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।
इनमें प्रधानमंत्री आवास, स्वास्थ्य सेवाएं, स्कूल, सड़क, पुल-पुलिया, बिजली-पानी, बैंक, एटीएम, मोबाइल टावर, रोजगार और कौशल विकास जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
‘नियद नेल्लानार’ का अर्थ गोंडी बोली में “आपका अच्छा गांव” होता है। इस योजना से अबूझमाड़ जैसे अंदरूनी इलाकों के गांवों में भी विकास की नई सुबह हो रही है।
महिलाओं को महतारी वंदन योजना और जननी सुरक्षा योजना के तहत आर्थिक मदद दी जा रही है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति भी मजबूत हो रही है।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
