मुंबई बंधक कांड: बच्चों को बंधक बनाने वाला रोहित आर्या मारा गया, पुलिस रेस्क्यू के दौरान चली गोली

RA स्टूडियो में 17 बच्चों को बनाया था बंधक; पुलिस के रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान गोली लगने से आरोपी रोहित आर्या की मौत, सभी बच्चे सुरक्षित।
मुंबई। मुंबई के पवई इलाके में गुरुवार को बच्चों को बंधक बनाने वाले रोहित आर्या की मौत हो गई है। पुलिस के रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान गोली लगने से घायल हुए आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यह घटना पवई के RA स्टूडियो में हुई, जो एक छोटा फिल्म स्टूडियो है। यहीं आरोपी ने बच्चों को ऑडिशन के नाम पर फुसलाकर बंधक बनाया था। पुलिस के मुताबिक, 8 से 14 साल की उम्र के करीब 17 बच्चों को कई घंटों तक बंद रखा गया, जिन्हें बाद में सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
पुलिस की तत्परता से सभी 17 बच्चे सुरक्षित
पवई पुलिस को दोपहर करीब 1:45 बजे इमरजेंसी कॉल मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस और कमांडो टीम मौके पर पहुंची। आरोपी बच्चों को छोड़ने के लिए तैयार नहीं था और बार-बार उन्हें नुकसान पहुंचाने की धमकी दे रहा था।
जब बात नहीं बनी, तो पुलिस टीम बाथरूम के रास्ते अंदर घुसी और सभी 17 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस दौरान हुई झड़प में रोहित आर्या को गोली लग गई, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वह बच नहीं सका।
सोशल मीडिया पर डाला था वीडियो, बोला - मैं आतंकवादी नहीं हूं
बंधक बनाने के दौरान रोहित आर्या ने एक वीडियो संदेश सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। इसमें उसने कहा —
“मैं कोई आतंकवादी नहीं हूं, न ही पैसे मांग रहा हूं। मैं सिर्फ कुछ लोगों से सवाल पूछना चाहता हूं।”
उसने यह भी कहा कि वह आत्महत्या करने के बजाय इस तरीके से अपनी बात लोगों तक पहुंचाना चाहता था।
पहले से रची थी साजिश — पुलिस
पुलिस जांच में सामने आया है कि आर्या पिछले 4-5 दिनों से RA स्टूडियो में ऑडिशन ले रहा था। गुरुवार को करीब 100 बच्चे ऑडिशन देने पहुंचे थे, जिनमें से 80 बच्चों को भेजकर करीब 20 को रुकवा लिया गया।
पुलिस का कहना है कि यह कदम सोची-समझी साजिश थी। फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
