कांसाबेल में बस पलटी: महिला की मौत, चार यात्री घायल

कांसाबेल (जशपुर)। जशपुर जिले के कांसाबेल क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक महिला की जान चली गई और चार यात्री घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, फरसाबहार से अंबिकापुर की ओर जा रही एक यात्री बस (क्रमांक CG 15 एफ 5028) कांसाबेल-फरसाबहार मार्ग पर टांगरगांव कृष्णानगर के आगे बरजोर मोड़ के पास अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कुसुमताल की रहने वाली इग्नेशिया मिंज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य चार यात्री घायल हो गए।
बताया गया कि बस में कुल 23 यात्री सवार थे। दुर्घटना होते ही घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस अब दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
