जयपुर के एसएमएस अस्पताल में भीषण आग, ICU में धुएं से 6 मरीजों की दर्दनाक मौत

एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा आईसीयू में शॉर्ट सर्किट से मची अफरा-तफरी, छह मरीजों की मौत — मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पहुंचे मौके पर, दिए जांच के आदेश।
जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर के सवाई मान सिंह (एसएमएस) अस्पताल में सोमवार तड़के दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रॉमा सेंटर के गहन चिकित्सा इकाई (ICU) वार्ड में आग लगने से छह मरीजों की मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं और चार पुरुष शामिल हैं।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, जिससे ICU वार्ड में अचानक धुआं फैल गया और मरीजों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। मौके पर मौजूद स्टाफ ने तुरंत अलार्म बजाकर मरीजों को बाहर निकालने की कोशिश की। हालांकि, धुआं और आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ मरीजों को बचाया नहीं जा सका।
ट्रॉमा सेंटर प्रभारी डॉ. अनुराग धाकड़ ने बताया कि हादसे के समय ICU में 11 मरीज थे, जबकि पास के सेमी-ICU में 13 मरीज भर्ती थे। उन्होंने कहा, “शॉर्ट सर्किट के बाद आग तेजी से फैली और जहरीली गैसें निकलने लगीं। हमारी टीम ने जितना संभव था, सभी मरीजों को बाहर निकाला, लेकिन छह को बचाया नहीं जा सका।”
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल और गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह ने अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि घायलों को हरसंभव बेहतर इलाज दिया जाए और ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था की पूरी जांच की जाए।
वहीं, मृतकों के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। एक परिजन ने कहा, “आईसीयू में आग बुझाने के उपकरण तक नहीं थे। अगर समय पर मदद मिलती, तो कई जानें बच सकती थीं।”

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
