कोल घोटाला: कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल के पीए देवेंद्र डडसेना और नवनीत तिवारी पर ईओडब्ल्यू ने दाखिल किया 1500 पन्नों का चालान

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कोल घोटाला मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। ईओडब्ल्यू (आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो) ने बुधवार को स्पेशल कोर्ट रायपुर में देवेंद्र डडसेना और नवनीत तिवारी के खिलाफ डेढ़ हजार पन्नों का पूरक चालान पेश किया है।
ईओडब्ल्यू का यह दूसरा पूरक चालान है। इससे पहले, अक्टूबर 2024 में मनीष उपाध्याय और रजनीकांत तिवारी के खिलाफ चालान दाखिल किया गया था। वर्तमान में दोनों आरोपी देवेंद्र डडसेना और नवनीत तिवारी रायपुर सेंट्रल जेल में न्यायिक हिरासत में बंद हैं।
कोल घोटाले में अब तक 15 आरोपी, रानू साहू और समीर विश्नोई भी शामिल
पिछले वर्ष जुलाई में ईओडब्ल्यू ने निलंबित आईएएस रानू साहू, आईएएस समीर विश्नोई, आरएएस अधिकारी सौम्या चौरसिया, सूर्यकांत तिवारी सहित 15 आरोपियों के खिलाफ कोर्ट में चालान पेश किया था।
वहीं, कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल, जो इस मामले में मुख्य आरोपी हैं, अब भी फरार बताए जा रहे हैं।
देवेंद्र डडसेना था 'रिसीवर' और 'मीडिएटर'
कोर्ट में पेश चालान के अनुसार, देवेंद्र डडसेना कांग्रेस के तत्कालीन कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल का पीए था।
वह अवैध कोल लेवी वसूली से प्राप्त नकद राशि का रिसीवर और मध्यस्थ दोनों के रूप में कार्य करता था।
चालान में दावा किया गया है कि कांग्रेस भवन रायपुर में “भवन” नाम से दर्ज प्रविष्टियाँ मिली हैं, जो देवेंद्र के माध्यम से हुए अवैध लेन-देन की पुष्टि करती हैं।
ईओडब्ल्यू ने देवेंद्र को अपराध की श्रृंखला में अनिवार्य कड़ी बताया है, जिसने अवैध धनराशि प्राप्त, संरक्षित और आगे ट्रांसफर की।
सिंडिकेट का सक्रिय सदस्य था नवनीत तिवारी
नवनीत तिवारी, जो सूर्यकांत तिवारी का भाई है, को ईओडब्ल्यू ने कोल सिंडिकेट का सक्रिय सदस्य बताया है।
उस पर आरोप है कि उसने रायगढ़ क्षेत्र में कोल कारोबारियों और ट्रांसपोर्टरों पर दबाव बनाकर करोड़ों रुपए की अवैध वसूली की।
ईओडब्ल्यू के अनुसार, नवनीत ने वसूल की गई रकम रायगढ़ से रायपुर तक सिंडिकेट के सदस्यों तक पहुँचाई और बेनामी संपत्तियों में निवेश भी किया।
इन आरोपों की पुष्टि डिजिटल, दस्तावेज़ी और मौखिक साक्ष्यों से होने का दावा किया गया है।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
